19 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान मामले में सुनवाई
मथुरा
सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में ठाकुर केशव देव महाराज (श्री कृष्ण) विराजमान कटरा केशव देव मामले की सुनवाई अब 19 फरवरी को होगी। शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान और कमेटी ऑफ मेनेजमेंट ट्रस्ट शाही मस्जिद ईदगाह के अधिवक्ता अदालत में प्रस्तुत हुए और जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा है।
सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में 23 दिसंबर 2020 को ठाकुर केशव देव महाराज विराजमान मंदिर कटरा केशवदेव, जय भगवान गोयल, सौरभ गौड़, राजेन्द्र माहेश्वरी व महेन्द्र प्रताप सिंह की ओर से 13.37 एकड़ जमीन से अवैध कब्जा हटाने को लेकर दावा दायर किया गया था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया था। दावे में यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड, कमेटी ऑफ मैनेजमेंट ट्रस्ट शाही मस्जिद ईदगाह, श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट व श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान को पक्षकार बनाया गया है। शुक्रवार को इस मामले की पहली सुनवाई हुई।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति ओर से अधिवक्ता मुकेश खंडेलवाल और कमेटी ऑफ मैनेजमेंट ट्रस्ट शाही मस्जिद ईदगाह की ओर से अधिवक्ता नीरज शर्मा व सचिव अधिवक्ता तनवीर अहमद अदालत में प्रस्तुत हुए और जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा।

पाठको की राय